चित्रकूट के जंगल में मिला प्रयागराज की अपहृत व्यापारी के बेटे का खून से लथपथ शव
चित्रकूट/प्रयागराज। जिले की सीमा से सटे प्रयागराज जनपद के शंकरगढ़ बाजार से अपहृत व्यापारी के बेटे की चित्रकूट के बरगढ़ थाना से लगे अरवारी के जंगल में पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गई है। उसका शव रविवार की सुबह जंगल में खून से लथपथ मिला मिला है। जो प्रयागराज जनपद की सीमा से सटा हुआ है। किशोर का शव मिलने के बाद परिजनों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मिली जानकारी के मुताबिक प्रयागराज जिले के शंकरगढ़ के सदर बाजार निवासी पुष्पराज केसरवानी उर्फ विक्की का बेटा शुभ केसरवानी (14) शनिवार की सायंकाल लगभग चार बजे घर से निकला था और फिर लौटकर नहीं आया था। रात लगभग साढ़े आठ बजे पुष्पराज के मोबाइल फोन में अपहरण व फिरौती की काल आई थी कि अपहरण कर्ताओं ने कहा था कि तुम्हारा बेटा शुभ उनके कब्जे में है। पंद्रह लाख रुपये लेकर डभौरा के जंगल में चुपचाप आओ। पुलिस को बताया तो गोली मार देंगे। पिता ने गुपचुप तरीके से बेटे को छुड़ाने का प्रयास भी शुरू कर दिया था लेकिन पड़ोसी पूर्व भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अनूप केसरवानी ने घटना के बारे में शंकरगढ़ थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को जानकारी दी। उसके बाद से पुलिस सक्रिय थी और शुभ के सकुशल रिहाई के लिए प्रयास कर रही थी। अपहरणकर्ताओं की लोकेशन जनपद सीमा के डभौरा और बरगढ़ जंगल में मिली थी जिस पर प्रयागराज पुलिस ने बरगढ़ थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह से भी संपर्क किया था और हाईवे पर नाकेबंदी कराई थी। रविवार की सुबह चरवाहों ने देखा कि अरवरी के जंगल में किशोर का शव पड़ा है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृश्य किशोर की हत्या पत्थर से कूच कर की गई है। उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है रिपोर्ट आने पर और स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हत्या के बाद व्यापारियों में हड़कंप मचा रहा। पिता ने बताया कि शुभ केसवानी कस्बे के विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ता था। एक छोटी बहन भी है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस उपायुक्त यमुनानगर अभिनव त्यागी तथा डीसीपी बारा संतोष सिंह भी पहुंच गए हैं।
Tags
अपराध समाचार