योगी मंत्रिमंडल का जल्द होगा विस्तार, कई नए चेहरों के शामिल होने की संभावना
लखनऊ। संगठनात्मक चुनाव होने के बाद योगी सरकार 2.0 का मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। इस आशय के संकेत भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने गुरुवार को दिए। लखनऊ प्रवास के दौरान उन्होंने बंद कमरे में केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित कई शीर्ष नेताओं के साथ मुलाकात की। तावड़े की मुख्यमंत्री से भी मिलने की संभावना है।लोकसभा चुनाव के बाद से ही योगी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। माना जा रहा है कि अब जल्द मंत्रिमंडल के मौजूदा स्वरूप में फेरबदल हो सकता है। वहीं, सूत्रों का दावा है कि विनोद तावड़े की मौजूदगी में भाजपा ने 98 में से 70 संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्षों के नाम तय कर लिए हैं। शुक्रवार को 70 जिलाध्यक्षों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। केंद्र की हरी झंडी मिलने के बाद सूची जारी की जाएगी।
भाजपा सूत्रों का दावा है कि फरवरी के अंतिम हफ्ते में ये साफ हो जाएगा कि भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा। जिलाध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के प्रभारी पीयूष गोयल लखनऊ आएंगे। तब प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन होगा। इसके अगले दिन नए अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।
उत्तर प्रदेश सरकार में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। फिलहाल, मंत्रिमंडल में 21 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 19 राज्यमंत्री शामिल है। इस हिसाब से कुल 54 मंत्री हैं। अभी भी 6 मंत्री पद खाली हैं।
Tags
विविध समाचार